25 फ़रवरी, 2012

फोटोवोल्टाइक विद्युत

सौर फोटोवोल्टाइक विद्युत

डॉ. चेतनसिंह सोलंकी

सौर फोटोवोल्टाइक तकनीक, सौर फोटोवोल्टाइक या पीवी मॉड्यूल्स के उत्पादन की तकनीक है। एक सौर पीवी मॉड्यूल में आधारभूत घटक एक सौर पीवी सेल होता है। एक सौर पीवी सेल में वोल्टेज तब उत्पादित होता है जब इस पर सूर्य प्रकाश गिरता है। यह प्रभाव फोटोवोल्टाइक प्रभाव कहलाता है। सूर्य प्रकाश की उपस्थिति में एक पीवी सेल एक बैटरी की तरह होता है। एक बैटरी के समान, जब आप पीवी सेल को सर्किट से जोड़ते हैं, तब सर्किट में विद्युतधारा का प्रवाह होता है। परंतु जब सौर पीवी सेल पर प्रकाश बिल्कुल नहीं गिरता है, तब इसके सिरों पर कोई वोल्टेज उत्पादित नहीं होता है, कोई विद्युतधारा प्रवाहित नहीं होती व शक्ति या पावर उत्पादित नहीं होती।

उचित दक्षता युक्त प्रथम सौर सेल वर्ष १९५४ में निर्मित किया गया था। उस समय सेल की दक्षता लगभग ५ प्रतिशत थी। इस ५ प्रतिशत दक्षता को प्राप्त करने के पश्चात्‌ लोगों ने सोचना पहली बार शुरू किया कि वास्तव में सौर सेल को उपयोगी विद्युत के उत्पादन हेतु उपयोग किया जा सकता है। उस वक्त, सौर सेल की बहुत अधिक कीमत के कारण, वैज्ञानिक मुख्यतः अंतरिक्ष प्रयोगों हेतु सेल निर्मित कर रहे थे, अंतरिक्ष यान को पावर देने हेतु। परंतु १९७३ में जब, क्रूड तेल की कीमत अकल्पनीय रूप से बढ़ी, पूरी दुनिया सदमे में थी, यह पहला ऑइल-शॉक या तेल का सदमा कहलाया, और तभी पूरी दुनिया की सरकारों ने ऊर्जा के वैकल्पिक स्त्रोतों के उत्पादन को बढ़ावा देना प्रारंभ किया। परिणामस्वरूप, सौर सेल के उत्पादन व अनुसंधान को प्रोत्साहन मिला। आज बहुत अधिक दक्षता वाले सौर सेल उत्पादित होते हैं। सौर सेल का उत्पादन १९७३ के कुछ हजार वॉट से अप्रत्याशित रूप से लगभग ३०,०००,०००,००० वॉट या ३० गीगा वॉट वर्ष २०११ में तक बढ़ गया है।

एक सौर सेल शक्ति या पावर की बहुत अधिक मात्रा उत्पादित नहीं कर सकता। अतः एक पीवी मॉड्यूल में, अधिक पॉवर प्राप्त करने हेतु अनेक सौर सेल आपस में जुड़े होते हैं। आजकल विभिन्ना पावर रेटिंग वाले पीवी मॉड्यूल उपलब्ध हैं। आप एक बहुत निम्न जैसे १ वॉट पावर मॉड्यूल से लेकर बहुत अधिक जैसे ३०० वॉट पावर वाले मॉड्यूल खरीद सकते हैं। अनेकों अधिक पावर आवश्यकता वाले अनुप्रयोगों में, कई बार ३०० वाट वाले पीवी मॉड्यूल भी पर्याप्त नहीं होते हैं, उदाहरण के लिए जब आप १ मेगावॉट पीवी प्लांट की स्थापना कर रहे हों, अतः अधिक पावर प्राप्त करने के लिए कई मॉड्यूल को आपस में जोड़ा जाता है। अनेक मॉड्यूल्स का आपस में संयोजन पीवी श्रेणी कहलाता है।

वर्तमान समय में पारंपरिक ग्रिड विद्युत की तुलना में सौर पीवी विद्युत महँगी है। सौर सेल में अभी उपयोग किया जाने वाला मुख्य घटक सिलिकॉन है। पूरी दुनिया में उत्पादित होने वाले सौर सेल का लगभग ८५ प्रतिशत सौर सेल उत्पादन सिलिकॉन का उपयोग कर होता है। सिलिकॉन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है परंतु इसे सौर सेल के लिये उपर्युक्त बनाने हेतु इसके शु़िद्धकरण में लगने वाली कीमत इसे बहुत महँगा बना देती है। सिलिकॉन व सौर सेल के उच्च मूल्य के कारण, बहुत अधिक संख्या में अनुसंधान संस्थान व कंपनियाँ सौर पीवी मॉड्यूल के मूल्य को कम करने के लिए साथ में काम कर रहे हैं। कीमत कम करने के लिए लक्ष्य है पीवी मॉड्यूल के समान क्षेत्र से अधिक पावर प्राप्त करने के नए तरीके ढूँढना या विभिन्ना प्रकार की सस्ती सामग्रियों को ज्ञात करना, जो कि सौर पीवी विद्युत उत्पादन के लिए उपयोग की जा सकें।

वैकल्पिक सामग्रियों की खोज की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अतः आज सिलिकॉन के अतिरिक्त, अन्य सामग्रियों से बने सौर पीवी मॉड्यूल्स भी खरीदे जा सकते हैं। व्यावसायिक रूप से उपलब्ध अन्य सौर पीवी तकनीकें कैडमियम टेल्यूराइड, कॉपर-इंडियम-सेलेनाइड एवं गैलियम आर्सेनाइड आदि सामग्रियों का उपयोग कर बनी हैं। इनके अतिरिक्त, लगभग २० से ३० अन्य नई सामग्रियाँ हैं एवं सामग्रियों के अन्य संयोजन भी हैं जिनसे सस्ते सौर सेल व पीवी मॉड्यूल्स बनाने हेतु अनुसंधान किया गया है। यह अपेक्षित है कि २ से ५ वर्ष के समयांतराल में सौर पीवी विद्युत की कीमत घटकर उस स्तर तक आ जाएगी जहाँ इसकी पारंपरिक कोयला आधारित विद्युत के मूल्य से इसकी तुलना की जा सकेगी।

(लेखक आईआईटी, मुंबई में एसोसिएट प्रोफेसर हैं और सौर ऊर्जा पर शोध कर रहे हैं)

19 फ़रवरी, 2012

३ प्रतिशत पर ही अटका है परमाणु बिजली उत्पादन

३ प्रतिशत पर ही अटका है बिजली उत्पादन : बनर्जी
लक्ष्य से बहुत पीछे है परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम

इंदौर(ब्यूरो)। भारत का परमाणु बिजली कार्यक्रम अपने लक्ष्य से कुछ पीछे चल रहा है। देश के २० रिएक्टरों से कुल ४७८० मेगावॉट बिजली बन रही जो कुल बिजली का ३ प्रतिशत है। कुडनकुलम परियोजना का निर्धारित समय में पूरा न होना भी इसका एक कारण है।

यह बात परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष एवं परमाणु ऊर्जा विभाग के अध्यक्ष श्रीकुमार बेनर्जी ने यहाँ पत्रकार वार्ता में दी। आपने जोर देकर कहा किप्रतिशत के मान से हम भले ही पीछे हों लेकिन भारत का परमाणु बिजली कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित व बेहतर है। हम नाभिकीय टेक्नालॉजी में पूरा सामर्थ्य रखते हैं।

मध्य प्रदेश में परमाणु बिजली घर बनाने के प्रश्न पर आपने कहा कि यहाँ संभावनाएँ प्रबल हैं । चुटका (जिला सीवनी) के बाद एक और स्थान की तलाश जारी है। बेहतर संभावनाओं की वजह बताते हुए आपने कहा कि मप्र में एक तो आबादी बिखरी हुई है और भूमि सुलभ है। केवल भूमि हस्तातंरण के नियम पुख्ता नहीं होने से परेशानी आती है। आपने कहा कि परमाणु बिजलीघर के लिए हम कृषि भूमि को लेना स्वीकार नहीं करते । बंजर जमीन हमारे लिए अच्छी होती है। जापान में बंद होने जा रहे परमाणु संयंत्रों पर उठे सवाल के जवाब में श्री बेनर्जी ने कहा कि परकाणु बिजली संयंत्र क्यों बंद होना चाहिए? हमारे यहाँ बंद होने का सवाल ही नहीं उठता। योरप व अमेरिका नए प्लांट इसलिए नहीं डाल रहे हैं क्योंकि वहाँ बिजली पर्याप्त है। हमारे यहाँ बिजली की कमी है। आपने बताया कि हमारे सभी रिएक्टरों का हमने सेफ्टी एनालिसिस फ्रांस के विशेषज्ञों से कराया है जिसकी रिपोर्ट हमें मिल चुकी है। हमने अपने स्तर पर भी सर्वे किया है। दोनों के आधार पर हम यह कहने की स्थिति मे हैं कि हमारा परमाणु बिजली कायक्रम सुरक्षित व बेहतर है।

18 फ़रवरी, 2012

innovative GUJRAT

solar panels on canal

पेंशन के लिए बनेगा रेग्युलेशन

पेंशन के लिए बनेगा रेग्युलेशन

विद्युत मंडल के अधिकारियों- कर्मचारियों की पेंशन के लिए पृथक से रेग्युलेशन बनाया जाएगा। इस संबंध में विद्युत नियामक आयोग ने विधिवत आदेश दे दिया है। रेग्युलेशन के लिए आयोग एक ड्रॉफ्ट तैयार कराएगा इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। आयोग के इस आदेश से जहां बिजली कंपनियों को राहत मिली है .

विद्युत नियामक आयोग ने अपने आदेश में कहा है कि विद्युत मंडल और उसकी उत्तरवर्ती कंपनियों व सेवानिवृत्त कर्मियों की पेंशन भुगतान व इससे संबंधित अन्य मुद्दों को टेरिफ रेग्युलेशन से पृथक कर एक अलग से रेग्युलेशन बनाया जाएगा। इस संबंध में नियामक आयोग ने आयोग सचिव को निर्देशित किया है कि वे उचित रेग्युलेशन तैयार कर प्रस्तुत करें।

उल्लेखनीय है कि मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, पावर जनरेशन कंपनी, पावर ट्रेडिंग कंपनी की ओर से संयुक्त रूप से कर्मियों की पेंशन व्यवस्था हेतु एक याचिका मप्र विद्युत नियामक आयोग के समक्ष प्रस्तुत की गई थी। कंपनियों की ओर से पैरवी दिल्ली के सीनियर एडवोकेट एमजी रामचंद्रन ने की।

08 फ़रवरी, 2012

बीना में १२०० केवी ट्रांसफॉर्मर चालू

बीना में १२०० केवी ट्रांसफॉर्मर चालू

नई दिल्ली (वा)। पूरी तरह से देश में विकसित पहले १२०० केवी के अल्ट्रा हाई वोल्टेज अल्टरनेटिंग करंट (यूएचवीएसी) ट्रांसफॉर्मर के सफलतापूर्वक काम करना शुरु कर देने के साथ ही भारत इस तरह की प्रौद्योगिकी रखने वाले विश्व के चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है। भारी बिजली उपकरण बनाने वाली सरकारी कंपनी भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) द्वारा विकसित और निर्मित इस ट्रांसफॉर्मर की मदद से मध्य प्रदेश के बीना में देश की पहली १२०० केवी ट्रांसमिशन लाइन को चालू किया गया है।

04 फ़रवरी, 2012

वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत एवं उनकी आवश्यकता

वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत एवं उनकी आवश्यकता

;डॉ. चेतनसिंह सोलंकी

एक देश की ऊर्जा आवश्यकता को प्रति व्यक्ति प्रतिवर्ष उपयोग की गई ऊर्जा की मात्रा में दर्शाया जा सकता है। सामान्यतः उपयोग की गई ऊर्जा की इकाई किलो-वॉट-घंटा है एवं इसीलिए एक देश की ऊर्जा आवश्यकता को किलो-वॉट-घंटा/व्यक्ति/वर्ष में दशर्ााया जाता है। भारत एवं पूरे विश्व की ऊर्जा आवश्यकता वर्ष-दर-वर्ष बढ़ती ही जा रही है। बढ़ती हुई ऊर्जा आवश्यकता के दो मुख्य कारण हैं, एक है जनसंख्या की वृद्धि और दूसरा है आर्थिक स्थिति में सुधार। इन दोनों ही मापदंड, जनसंख्या वृद्धि व आर्थिक सुधार, अत्यधिक ऊर्जा की खपत की माँग करते हैं। यूनाइटेड नेशन के आंकलन के अनुसार, विश्व की जनसंख्या २०५०-६० तक बढ़ती ही जाएगी, एवं यह ८ से ९ अरब तक पहुँच सकती है और दुनिया में अनेक ऐसे लोग हैं, जिनके उपयोग के लिए उपलब्ध ऊर्जा उनकी आधारभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आवश्यक ऊर्जा से कहीं अधिक कम है।

यहाँ प्रश्न यह है कि हमारी भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं, जो कि तेजी से बढ़ती ही जा रही है, को पूरा करने के लिए कौनसे ऊर्जा स्रोत उपलब्ध हैं। यह ज्ञात तथ्य है कि जीवाश्म ईंधन आधारित स्रोत जैसे कोयला, तेल व गैस की खपत की दर उस दर से कहीं अधिक है, जिस दर से वे प्राकृतिक रूप से निर्मित हो रहे हैं। इसका तात्पर्य है कि जीवाश्म ईंधन आधारित स्रोत जो हमें उपलब्ध हैं, वे तेजी से नष्ट हो रहे हैं और जल्द ही दुनिया से ये स्रोत खत्म हो जाएँगे। यदि ऊर्जा आपूर्ति के रूप में हम सुरक्षित भविष्य चाहते हैं, तो हम केवल जीवाश्म आधारित स्रोतों पर निर्भर नहीं रह सकते हैं। अतः हमें ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों की आवश्यकता है।

हमें कौनसे वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध हैं? इन स्रोतों का उद्गम क्या है? और हमें उपलब्ध ये वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत हमारी वर्तमान व भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा कर सकते हैं या नहीं? वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की सूची में शाामिल हैं सौर ऊर्जा, वायु ऊर्जा, जीवद्रव्य ऊर्जा, समुद्रीय तापीय ऊर्जा, भूतापीय ऊर्जा, ज्वारीय ऊर्जा, तरंग ऊर्जा।

सौर ऊर्जा स्रोत, वायु ऊर्जा एवं जीवद्रव्य ऊर्जा का उद्गम सूर्य है। पृथ्वी पर गिरने वाले सौर विकिरण ऊर्जा का एक रूप हैं एवं उन्हें हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उपयोग किया जा सकता है। सौर विकिरण तापीय व विद्युतीय ऊर्जा में रूपांतरित किए जा सकते हैं। सूर्य प्रकाश पृथ्वी के सभी स्थानों पर एक समान मात्रा में नहीं गिरता है, जिससे कि वातावरण में वायु में असमान तपन होता है, फलस्वरूप वायु का प्रवाह होता है। वायु प्रवाह गतिज ऊर्जा का एक रूप है एवं इसे उपयोगी ऊर्जा जैसे विद्युत में रूपांतरित किया जा सकता है। पेड़ एवं पौधों के लिए सामान्यतः उपयोग किया जाने वाला शब्द है जीवद्रव्य। पेड़-पौधों की पत्तियाँ सूर्य प्रकाश का उपयोग बढ़ने के लिए करती हैं और ऐसा करके वे सूर्य प्रकाश की ऊर्जा को जीवद्रव्य ऊर्जा में रूपांतरित करती हैं। जीवद्रव्य ऊर्जा को भी हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं में से कुछ को पूरा करने के लिए उपयोग किया जा सकता है। समुद्रीय तापीय ऊर्जा समुद्र में पानी की सतह पर व पानी की गहराई में तापमान के अंतर का परिणाम है। ज्वारीय ऊर्जा पृथ्वी व चंद्रमा के बीच गुरुत्वाकर्षण का परिणाम है जो कि ज्वार के रूप में उत्पन्ना होती है। ज्वार में पानी की बहुत अधिक मात्रा का बहाव होता है और बहते हुए पानी की ऊर्जा को हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में उपयोग किया जा सकता है। तरंग ऊर्जा समुद्र की तरंगों की गतिज ऊर्जा है, जो कि उपयोगी ऊर्जा में रूपांतरित की जा सकती है। भूतापीय ऊर्जा पृथ्वी की सतह के नीचे पिघली हुई धातुओं में विद्यमान ऊर्जा है।पिघली हुई धातुओं में तापीय ऊर्जा विद्यमान होती है, जो कि हमारे उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उपयोग की जा सकती है।

़(लेखक आईआईटी, मुंबई में एसोसिएट प्रोफेसर हैं और सौर ऊर्जा पर शोध कर रहे हैं)

11 जनवरी, 2012

विद्युत लाइन हेल्पर के पद पर २ युवतियों का चयन हुआ

पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी विद्युत लाइन हेल्पर के पद पर २ युवतियों का चयन हुआ
मंडल के इतिहास में ये पहला मौका है जब पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी विद्युत लाइन हेल्पर के पद पर युवतियों का चयन हुआ है।

पोल पर चढ़कर भी दिखाया

बुधवार को कंपनी ने मानव संसाधन विकास संस्थान में जब चयन प्रक्रिया आयोजित की तो इसमें दोनों युवतियों ने बाजी मार ली। इन युवतियों ने न केवल निर्धारित समय में दौड़ पूरी की, बल्कि दिए गए समय में पोल पर भी चढ़कर दिखा दिया। चयनित युवतियों में एक दीपमाला झारिया जबलपुर की है, तो दूसरी युवती तरुणा यहके छिंदवाड़ा की है।

लाइन हेल्पर बनी दोनों युवतियों को लेकर अब पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का प्रबंधन पसोपेश में है। इन युवतियों को कहां पदस्थ किया जाए, इसे लेकर वरिष्ठ अधिकारी परेशान हो उठे हैं। एक अधिकारी के अनुसार इसमें प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों से विचार विमर्श करने के बाद ही युवतियों की पोस्टिंग की जाएगी।
इसके पहले ट्रांसको में भी लाइन स्टाफ के पद पर युवतियों के आवेदन आए थे, लेकिन उनका चयन नहीं हो सका था।

29 दिसंबर, 2011

जमीन पर पार्क, नीचे विद्युत सब स्टेशन

जमीन पर पार्क, नीचे विद्युत सब स्टेशन

नई दिल्ली , नए-नए रिकॉर्ड बना रहे दिल्ली मेट्रो ने राष्ट्रपति भवन के ठीक पीछे चर्च रोड पर राजधानी का पहला भूमिगत और एकदम अनोखा विद्युत सब स्टेशन बनाकर विद्युत इंजीनियरिंग का एक नया नमूना पेश किया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के निदेशक (इलेक्ट्रिक) सतीश कुमार ने इस सब स्टेशन को गुरुवार को पत्रकारों को दिखाते हुए बताया कि पथरीला इलाका होने और अति विशिष्ट क्षेत्र होने के कारण इसे बनाते समय बहुत अधिक ऐहतियात बरती गई। उन्होंने कहा कि स्टेशन बनाने से योजनाकारों ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इसका कोई भी हिस्सा स़ड़क से नहीं दिखाई देना चाहिए।

सवा साल में हुआ निर्माण : श्री कुमार ने बताया कि दिल्ली परिवहन निगम के केंद्रीय सचिवालय टर्मिनल की भूमि पर एक पार्क के २० फुट नीचे साठ करो़ड़ रुपए की लागत से लगभग सवा साल के रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार हुए इन दो सब स्टेशनों से दिल्ली मेट्रो की बदरपुर लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को बिजली दी जाती है। साथ-साथ बने इन स्टेशनों के अलग-अलग कंट्रोल रूम हैं और आपात स्थिति में ये एक दूसरी लाइन को बिजली दे सकते हैं। इन दोनों की क्षमता ६६ किलोवॉट है।

सबसे बड़ा सोलर प्लांट म.प्र. प्रदेश में होगा

सबसे बड़ा सोलर प्लांट म.प्र. प्रदेश में होगा

देश का सबसे बड़ा सोलर पावर प्लांट प्रदेश के राजगढ़ जिले में स्थापित होने जा रहा है। फोटो वोल्टिक तकनीक पर बनने ५० मेगावाट वाले इस प्लांट का निर्माण एनटीपीसी कर रहा है। इस प्लांट से उत्पादित बिजली प्रदेश को बेचे जाने के लिए पावर ट्रेडिंग कंपनी और एनटीपीसी के बीच गत दिवस भोपाल में करार हुआ।

जानकारी के अनुसार राजगढ़ के गणेशपुर गांव में बनने वाला ये प्लांट फोटो वोल्टिक तकनीक पर बनने वाला देश का सबसे बड़ा प्लांट होगा। इसकी लागत लगभग ६०० करोड़ रुपये होगी। ये प्लांट लगभग २०० एकड़ क्षेत्र में स्थापित होगा। इससे २०१३ में प्रदेश को बिजली मिलने लगेगी। वर्तमान में सोलर बिजली की दर १५ रुपये प्रति यूनिट है लेकिन नए प्लांट के लिए बिजली दरों का निर्धारण केन्द्रीय विद्युत नियामक आयोग करेगा। ट्रेडको के एमडी पीके वैश्य ने बताया कि एनटीपीसी ५० मेगावाट सोलर बिजली के साथ अनावंटित कोटे से ५० मेगावाट अतिरिक्त बिजली प्रदेश को देगा। इससे बिजली की औसत दर ५ रुपये यूनिट होगी। उल्लेखनीय है कि मप्र विद्युत नियामक आयोग ने प्रदेश को अगले दो वर्षों में २५५ मेगावाट सोलर बिजली खरीदने का लक्ष्य दिया है। इससे पहले राजीव गांधी सोलर मिशन के अंतर्गत तीन लघु संयंत्रों से ५ मेगावाट सोलर पावर के पीपीए किए जा चुके हैं। शेष बिजली खरीदने निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं।